चिकित्सक के मकान में लाखों की नगदी व आभूषण चोरी
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला वैशाली कालोनी में बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर चोर 2.70 लाख रुपये की नगदी और लाखों की कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखकर परिवार को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक व डाग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की जांच पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
असौड़ा रोड स्थित वैशाली कॉलोनी निवासी प्रमानंद गुप्ता ने बताया कि शनिवार को वह अपनी पत्नी कोमल, पुत्र राहुल, पुत्री रिम्मी व सोनम के साथ अपने ससुर की तेहरवीं में शामिल होने के लिए खुर्जा गए हुए थे। परमानंद सपनावत के गांव कपूरपुर में चिकित्सक हैं। उनका यहां क्लीनिक है। परिवार की गैरमौजूदगी ने मकान पर ताले लगे हुए थे। चोरों ने इसी बात का लाभ चोरों ने उठा लिया। मेन गेट के ताले तोड़कर चोर मकान के अंदर घुस गए। चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला। चोर घर में रखे करीब 2.70 लाख की नकदी, सोने के दो गले के सैट, छह सोने की चूड़ी, एक मंगल सूत्र, आठ अंगूठी, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी कुंड़ल, एक चैन, एक कंठी, दो नाक की नथ व चांदी के चार जोड़ी पायल समेत कीमती कपड़े सहित लाखों रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। सोमवार पड़ोसियों ने ताले टूटे देखकर परिवार को मामले की सूचना दी।
पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक व डाग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक राजेश भारती ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।