गणतंत्र दिवस को लेकर हापुड़ समेत एनसीआर में हाई अलर्ट
हापुड़। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी पर आतंकी वारदात किये जाने की धमकियों को लेकर खुफिया जानकारी मिलने पर हापुड़ समेत समूचे एनसीआर में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऐसे में पुलिस कर्मियों को छुट्टी भी विशेष परिस्थिति में ही मिल सकेगी। जिलेभर की पुलिस को औचक तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि हापुड़ जिला दिल्ली के नजदीक है तथा वैसे में एनसीआर क्षेत्र में आता है। इसलिए यहां भी विशेष सतर्कता बरती जती है। उन्होंने कहा कि खुफिया तंत्र ने गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा एजेंसियों को आतंकी वारदात की सूचनाओं की आशंका व्यक्त की है। इसी के बाद से हापुड़ समेत एनसीआर में हाई अलर्ट कर दिया गया है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि एहतियात के तौर पर होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और प्राइवेट बसों, सिनेमाघरों की औचक चेकिंग की जाए। इस मामले में कोई लापरवाही न बरतने की हिदायत भी दी गई ।