मंडलायुक्त ने किया कलक्ट्रेट का निरीक्षण
हापुड़। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने एचपीडीए की बोर्ड बैठक के बाद कलक्ट्रेट का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कई विभागों का निरीक्षण करते हुए दस्तावेज आदि की जांच की।
मंगलवार को मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम का नई कलक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण प्रस्तावित था। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले वे नजारत अनुभाग पहुंची। आयुक्त ने यहां संबंधित अधिकारी से कर्मचारियों के सर्विस रिकॉर्ड का ब्योरा जाना तथा एनपीएस पासबुक की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि लेखपालों की एनपीएस पासबुक अवश्य होनी चाहिए। रेवेन्यू अनुभाग में यह कार्य महत्वपूर्ण है। मंडलायुक्त द्वारा कंबल वितरण, अलाव व रैन बसेरों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। शस्त्र अनुभाग का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने शस्त्र लिपिक से जिलाधिकारी द्वारा निरस्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों की स्थिति जानी। उन्होंने बताया कि शास्त्र से संबंधित कोई भी लंबित प्रकरण नहीं पाया गया।
इसके बाद वे ऑडिट विभाग पहुंची। ऑडिट विभाग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि ऑडिट के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। भूलेख में कर्मचारियों की प्रविष्टि के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा गत वर्ष 2018-19 की प्रविष्टियों का भी अवलोकन किया गया। निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्यों को पूर्ण करने की निर्धारित तिथि समाप्त हो चुकी है। ऐसे में कार्य को जल्द पूरा किया जाए। इसके बाद मंडल आयुक्त द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का निरीक्षण किया गया। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारी से एसजीजेएम कोर्ट व अपर जिलाधिकारी कोर्ट में लंबित मुकदमों की जानकारी प्राप्त की। आयुक्त द्वारा स्टांप वसूली व आर सी ओ का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अदिति सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह, अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव, कलक्ट्रेट प्रभारी, उप जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सहित आदि मौजूद रहे।