अब शहर के अंदर सवारियां नहीं भरेंगी बसें
हापुड़। रोडवेज की बसें अब शहर में सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियां नहीं भरेंगी। बस अड्डे से ही बसों का संचालन कराया जाएगा। जाम की समस्या से निपटने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा रोडवेज के अधिकारियों से इस संबंध में पत्राचार किया है। जिसके बाद एआरएम ने समस्त चालक/परिचालकों को निर्देशित कर दिया है।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन किया जाता है। इनमें दिल्ली, गाजियाबाद की ओर जाने वाली बसों को अक्सर दिल्ली रोड पर खड़ा कर, सवारियों को भरा जाता है। इसके अलावा अन्य मार्गों पर भी यही हाल रहता है। जिसके चलते शहर में जाम की समस्या बनी रहती है। मामले की गंभीरता पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने रोडवेज के अधिकारियों से पत्राचार कर, अपील की है कि हापुड़ डिपो की सभी बसों का संचालन अड्डे के अंदर से कराया जाए। जिससे मार्ग पर जाम की समस्या न हो। अगर किसी चालक-परिचालक द्वारा मार्ग पर सवारियों को बैठाया व उतारा जाएगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस पत्र का संज्ञान लेते हुए एआरएम एनपी सिंह ने बस अड्डा परिसर के नोटिस बोर्ड पर चालक/परिचालकों को बस अड्डे के अंदर से ही बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि शहर में जाम की स्थिति से निपटने में वह हर संभव सहयोग को तैयार हैं।