अब 14 को होगी एचपीडीए की बोर्ड बैठक
हापुड़। प्राधिकरण की 59वीं बोर्ड बैठक कार्यालय सभागार में 14 जनवरी को आयोजित की जाएगी। पहले 19 दिसंबर को बलवे को देखते हुए स्थगित करना पड़ा था। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम करेंगी। बैठक को लेकर अफसर तैयारी में जुट गए हैं। इस दौरान मंडलायुक्त कलक्ट्रेट का निरीक्षण भी करेंगी।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डा. विजय कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में विकास संबंधी प्रस्ताव रखे जाएंगे। सबसे पहले प्राधिकरण का बजट पेश किया जाएगा। इसके बाद प्रस्तावों में प्रीत विहार योजना में किसानों से लिए जाने वाले विकास शुल्क, प्रशासनिक अधिकारियों के आवासीय भवन, प्रधानमंत्री आवासीय योजना, भवनों की नीलामी समेत अनेक प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि बोर्ड बैठक 19 दिसंबर को होनी थी, लेकिन मंडलायुक्त का कार्यक्रम स्थगित होने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।