शहर को जाम से मुक्ति का मांगा प्रस्ताव
हापुड़। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जाम का मुद्दा हावी रहा। बैठक में मौजूद सीडीओ उदय सिंह व एडीएम जयनाथ यादव ने शहर को जाम से मुक्ति दिलाये जाने का प्रस्ताव मांगा। इस दौरान पड़ाव की भूमि पर अस्थाई पार्किंग बनाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में एआरटीओ प्रवर्तन महेश कुमार शर्मा ने बताया कि तहसील चौपला व मेरठ तिराहे पर पार्किग नहीं होने के कारण वाहन खड़े रहते हैं। यहां अतिक्रमण भी मुख्य समस्या है। जिस कारण सड़क संकरी हो रही है। जिससे रोजाना जाम की स्थिति होती है। इसपर सीडीओ व एडीएम ने कहा कि सेना के पड़ाव की जमीन जबतक खाली पड़ी है, तबतक उक्त स्थान पर वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाए। जिसपर चौपले पर खड़े होने वाली ई रिक्शा, ऑटो आदि को भी यहीं खड़ा कराया जाए। इसका जिम्मा एसडीएम सदर, एआरटीओ प्रवर्तन और ईओ पालिका हापुड़ को दिया गया है। उन्होंने पार्किंग के बाद सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों के चालान कर कार्रवाई के भी निर्देश दिए। एडीएम जयनाथ यादव ने कहा कि वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण घने कोहरे में हाईवे पर दुर्घटना हो जाती है। ऐेसे में परिवहन विभाग द्वारा ट्रैक्टर ट्राली व बुग्गी आदि पर रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान सराहनीय है।
एडीएम व सीडीओ ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर दो पहिये वाहनों पर बिना हेलमेट व दो से अधिक सवार होकर चलने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा जागरूक करने के लिए स्कूल, कालेज, ग्रामीण क्षेत्र में गोष्ठी कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर सत्यप्रकाश, एसडीएम धौलाना विशाल यादव, डीआईओएस निशा अस्थाना, टीआई अजयवीर, बाबूगढ़ थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर, बीएसए देवेंद्र गुप्ता आदि अधिकारी मौजूद रहे।