पूरे दिन शहर में लगा रहा जाम, लोग परेशान
हापुड़। जाम के झाम से शहर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को भी शहर में करीब करीब पूरे दिन जाम लगा रहा। सभी चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। कड़ाके की ठंड में लगे जाम से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को शहर में एक बार फिर लगभग पूरे दिन जाम लगा रहा। मेरठ तिराहा और तहसील चौपला के अलावा अतरपुरा चौपला भी जाम की गिरफ्त में रहा। मेरठ रोड पर भी वाहनों की लंबी लाइनें लगी रही। कुल मिलाकर रुक रुककर पूरे दिन लोग जाम से जूझते रहे। ठंड के दौरान लगे जाम के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। आए दिन लगने वाले जाम से क्षेत्रीय लोगों में रोष व्याप्त है। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सारे दावे हवा हो गए हैं। मेरठ तिराहे, तहसील चौपले और पक्का बाग पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात को व्यवस्थित करने में जूझते नजर आए। यातायात प्रभारी अजयवीर सिंह ने बताया कि अवकाश के बाद सोमवार को वाहन का दबाव बढ़ जाता है। मेरठ की ओर जाने वाला अधिकतर ट्रैफिक भी हापुड़ से होकर ही गुजरता है। इस कारण जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।