मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचे चार डंपर लुटेरे
हापुड़। बाबूगढ़ पुलिस कनिया की ओर जाने वाले रास्ते पर मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को दबोचा है। एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। बदमाशाें ने तीन दिन पहले डंपर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूटा हुआ डंपर भी बरामद कर लिया है।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि सोमवार तड़के बाबूगढ़ पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव कनिया के रास्ते पर लूट के इरादे से कुछ बदमाश आने वाले हैं। इस पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को एक डंपर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और डंपर से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने चोरों बदमाशों को दबोच लिया। इनके कब्जे से चार तमंचे, छह कारतूस व चार खोखे बरामद किए। साथ ही लूटा गया डंपर भी बरामद कर लिया गया है। पकड़े गए बदमाशों के नाम मोनू पुत्र धर्मपाल निवासी समकौला थाना गुलावठी, जगत पुत्र फूल सिंह निवासी बढ्ढा थाना सिंभावली, लुफ्त अली उर्फ लुकमान पुत्र हिमामुद्दीन निवासी चंदपुरा थाना गुलावठी व प्रमोद उर्फ ट्विंकल पुत्र राजबीर निवासी बढ्ढा थाना सिंभावली बताए गए हैं।