तेज रफ्तार कार ने तांगे में मारी टक्कर, चालक घायल
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर शनिवार दोपहर आलू की बोरियों से भरे एक तांगे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिसमें दिव्यांग घोड़ा तांगा चालक घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हापुड़ के मोहल्ला सोटावाली निवासी सुभाष घोड़ा तांगा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। शनिवार को वह तांगे में आलू की बोरियां भरकर बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव में उतारने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर थाने के पास स्थित कट पर पहुंचा तो गढ़ की ओर से आ रही एक तेजरफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से तांगा क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर दूर-दूर तक आलू बिखर गए। सुभाष भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। फिलहाल चालक की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।