शराबी ने पुलिस को दी फर्जी लूट की सूचना
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवगढ़ी में एक युवक द्वारा शराब पीकर जमकर उत्पात मचाया गया। परेशान लोगों ने शराबी की जमकर धुनाई कर दी। इसी दौरान शराबी ने पुलिस को फोन कर उसके साथ लूट होने की सूचना दी। लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी फर्जी होने पर राहत की सांस ली।
मोहल्ला ईदगाह रोड निवासी एक युवक शराब के नशे में धुत्त होकर मोहल्ला शिवगढ़ी जा पहुंचा। उसने लोगों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। मोहल्ला निवासी एक अन्य युवक ने उसका विरोध किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। इस पर दोनों में मारपीट शुरू हो गई। कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और शराबी को जमकर पीटा। इस पर शराबी ने पुलिस को कॉल कर उसके साथ लूट होने की सूचना दे दी। लूट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला शराबी द्वारा उत्पात मचाने और मारपीट का निकला।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। फर्जी सूचना देने और मारपीट करने के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।