दशहरा-दीपावली को लेकर अलर्ट पर जिले की पुलिस
हापुड़। दिल्ली में चार आतंकियों के घुसने के खुफिया इनपुट और त्योहारों के मद्देनजर जिले को अलर्ट पर रखा गया है। जिले के बॉर्डर से लेकर चौराहे तक वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। जिले में आने वाले संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बड़ी बात है कि आतंकियों से हापुड़ के पहले भी कनेक्शन रहे हैं, ऐसे में यहां खुफिया विभाग भी विशेष रूप से सतर्क है।
खुफिया इनपुट मिलने के बाद दिल्ली एनसीआर में अलर्ट घोषित किया गया है। विशेष रूप से दशहरा और दिवाली के पर्व के चलते जिले में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्ध लोगों, वाहनों और यात्रियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। जनपद में पुलिस चौकसी बरत रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला, होटल आदि पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान संदिग्ध लोगों व संदिग्ध वस्तुओं पर पुलिस की पैनी नजर है। पूर्व में आतंकी कनेक्शन और विदेशी लोगों के अवैैध रूप से रहने का खुलासा होने पर हापुड़ जनपद संवेदनशील माना जाता है। इसके चलते पुलिस और खुफिया विभाग को अलर्ट किया गया है। जिले में संवेदनशील अमरोहा, बुलंदशहर, मेरठ सीमा के जुड़े होने के कारण विशेष चौकसी बरती जा रही है। अधिकारियों के निर्देेश पर दिन रात चेकिंग की जा रही है।
समय समय पर पुलिस रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में और स्टेशन पर चेकिंग अभियान चला रही है। बार्डर के थानों और चौकियों को विशेष रूप से सतर्क रहने और चौकसी के निर्देश दिए गए हैं। डायल 100 को भी चौकसी बरतने के लिए कहा गया है। पुलिस शाम के समय भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में चेकिंग कर रही है।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्र का कहना है कि त्योहारों पर शांति व्यवस्था के लिए और खुफिया इनपुट मिलने के बाद जिले में चौकसी बरती जा रही है। बाहर से आने वाले और दिल्ली की ओर जाने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।