अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा : रशीद
हापुड़। अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के सदस्य आतिफ रशीद ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों के उत्थान के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। इनके लिए जिले में स्कूलों की स्थापना कर अच्छी शिक्षा मुहैया करायी जाएगी।
सिंचाई विभाग के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने बताया कि आईसीडीएस के अंतर्गत एक लाख 522 लाभार्थी बच्चे हैं। जिसमें 22 प्रतिशत अल्पसंख्यक बच्चे हैं। राष्ट्रीय आजीविका मिशन शहरी के अंतर्गत 14 अल्पसंख्यकों के आवेदनों पर बैंक द्वारा कार्रवाई की जा रही है। वहीं 1382 मकान अल्पसंख्यकों के लिए निर्माणाधीन हैं। अल्पसंख्यक समुदायों की मलिन बस्तियों के सुधार में परियोजना अधिकारी डूडा ने बताया कि कार्य प्रगति पर है। अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के सदस्य ने निर्देश दिए कि राजकीय सेवाओं में अल्पसंख्यकों की भर्ती अनिवार्य हो तथा जनपद हापुड़ के चारों ब्लॉकों में इनके लिए योजनाओं को मूर्त रूप प्रदान किया जाए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान जनपद में कोई सांप्रदायिक उपद्रव नहीं हुआ है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला विकास अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि स्वयं गठित सहायता समूह में अल्पसंख्यकों के 73 समूह हैं। शिक्षा के क्षेत्र में जनपद के चारों विकास खंडों में चार आईटीआई कॉलेज स्थापित हैं।
उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरानी कमेटी भंग करते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नई कमेटी का गठन किया जाए तथा उसमें जनता में से जैन, पारसी, ईसाई धर्मों के लोगों को भी सदस्य बनाया जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उदय सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, एसडीएम सत्यप्रकाश, सीओ राजेश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।