20 हजार रुपये का नोटिस भेजने पर डेयरी संचालकों ने पालिका में किया हंगामा
हापुड़। मोहल्ला मजीदपुरा के डेयरी संचालकों ने बुधवार को नगर पालिका परिसर में हंगामा किया। पालिका ईओ एवं खाद्य निरीक्षक के कार्यालय का घेराव कर डेयरिया शहर से बाहर शिफ्ट होने पर रोजगार छिनने का हवाला दिया।
मोहल्ला मजीपुरा निवासी इस्तकार, कालेखां, पप्पू, मुंशीलाल, वीरबल, हरिप्रसाद, मारूफ, रिजवान, साजिद, अखलाक, जब्बार, सलील, साबिर, रहीस, लोकेश, हाजी अय्यूब, हाजी नूर इलाही ने बताया कि पशुपालन कर डेयरी चलाते हैं। डेयरी से होने वाली आय से ही परिवार का पालन पोषण होता है। सभी डेयरी संचालक नियमों का पालन कर डेयरी संचालित कर रहे हैं।
गत दिनों नगर पालिका ने सभी डेयरी संचालकों को 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए नोटिस जारी कर दिए। जल्द ही पालिका द्वारा 20 हजार रुपये की आरसी भी जारी होने वाली है। ऐसे में उनकी डेयरी बंद होने से रोजगार की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। जिससे उनके परिवार के समक्ष भूखों मरने जैसी परिस्थितियां पैदा हो जाएगी। उन्होंने समस्या का जल्द से समाधान करने पर जोर दिया। डेयरी संचालकों ने मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक से भी मामले को लेकर मुलाकात की। जिससे उनको परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।