मासूम से हैवानियत कर पड़ोसी युवक फरार
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के पास खेल रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पड़ोसी युवक ने ईंख के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। खूून से लथपथ बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बतायी तो हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी और थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। फिलहाल आरोप फरार है। बच्ची को हापुड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
रविवार शाम गांव निवासी व्यक्ति की पांच वर्षीय पुत्री घर के पास खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक वहां पहुंचा और मासूम को बहला फुसलाकर पास के ईंख के खेत में ले गया। जहां युवक ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची रोती हुई घर पहुंची तो पूछने पर आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
आनन फानन में एसपी डा. यशवीर सिंह व थाना प्रभारी अविनाश गौतम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। बच्ची को गंभीर हालत में हापुड़ में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी डा. यशवीर सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर पर आरोपी दानिश (20) पुत्र जुल्फेकार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।