एलएलबी की परीक्षा में नकल करते छात्र को दबोचा
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कालेज में सोमवार को एलएलबी की बैक परीक्षा के दौरान एक छात्र मॉडल पेपर, पर्चियों से नकल करता पकड़ में आया। आनन-फानन में छात्र की रिपोर्ट सीसीएसयू प्रेषित कर दी गई है।
एसएसवी कालेज में शाम की पाली में आयोजित परीक्षा के दौरान मुख्य नियंता डा. सुरेंद्र सिंह कालेज के आंतरिक उड़न दस्ते के साथ परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान एक छात्र के पास से मॉडल पेपर, पर्चियां मिली। मामले की गंभीरता पर छात्र की उत्तर पुस्तिका सील कर, रिपोर्ट सीसीएसयू प्रेषित कर दी गई है। प्राचार्या डा.शशि वशिष्ठ का कहना है कि परीक्षा के दौरान नकल जैसे मामले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
आंतरिक उड़न दस्ते में डा. संजय भारद्वाज, डा. सुदर्शन त्यागी, डा. जीके शर्मा, डा. वीरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।