कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए 1.62 करोड़ का बजट पास
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए जिला पंचायत की बैठक में 1.62 करोड़ रुपये का बजट पास हो गया है। इसमें 40 लाख का अनुदान शासन से मिल चुका है। 75 लाख की अभी और आवश्यकता है, जिसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है।
गढ़मुक्तेश्वर में हर साल कार्तिक पूर्णिमा मेला लगता है। इस मेले में दूर दराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार दो नवंबर से लेकर 12 नवंबर तक इस मेले का आयोजन किया जाएगा। 12 नवंबर को ही मुख्य स्नान होगा।
मेले में व्यवस्था बनाने के लिए बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में बैठक आयोजित की गइ। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार ने बताया कि मेले के लिए 1.62 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शासन से 40 लाख रुपये का अनुदान मिल चुका है। मेले से संभावित आय 46 लाख रुपये है। ऐसे में 75 लाख रुपये की अभी और आवश्यकता पड़ेगी। इस बजट के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि मेले में पुलिस व्यवस्था सख्त होगी, अनाधिकृत स्थान पर किसी का कब्जा नहीं होगा साथ ही झूलों की बेहतर व्यवस्था रहेगी। उन्होंने उद्योगों व कालेजों को भी मेले में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है।
बैठक में डीएम के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित सीडीओ उदय सिंह ने कहा कि मेले में लगने वाले झूलों के सुरक्षा मानकों को पूरी तरह से जांच लिया जाए। मेले की शान बढ़ाने के लिए झूला, सर्कस, सिनेमा अवश्य लगाया जाए। मेले में आने वाले लोगों व दुकानदारों को हर स्तर पर सुरक्षा मुहैया करायी जाएगी।
बैठक में मेला कमेटी के सदस्य, नरेंद्र मावी, कृष्णकांत हूण, नवीन कुमार, अफ्सार आलम, कमलेश, प्रियम, रविंद्र कुमार, प्रणव पांडेय, पवन कुमार, अभिषेक जैन, आदेश कुमार, सुभाष चंद, देवी सहाय आदि मौजूद रहे।