पूर्व मंत्री के फार्म हाउस पर निकला अजगर, हड़कंप
हापुड़। नेशनल हाइवे पर कुचेसर चौपला के पास बसपा से पूर्व लघु सिंचाई राज्यमंत्री लखीराम नागर के फार्म हाउस पर करीब 15 फिट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा।
बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत कुचेसर रोड चौपला पर नेशनल हाइवे किनारे पर पूर्व लघु सिंचाई राज्यमंत्री लखीराम नागर का फार्म हाउस है। मंगलवार दोपहर फार्म पर मौजूद लोगों को एक विशालकाय अजगर दिखायी दिया। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और अजगर को पकडने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहंी मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम को सूचित किया गया। सूचना पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ लिया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद अजगर को गढ़ के जंगलों में छोड़ दिया गया।