पौधरोपण की पांच सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
हापुड़। नगर पालिका की ओर से शहर में किए गए पौधरोपण की पांच सदस्यीय कमेटी जांच करेगी। नगर पालिका बोर्ड बैठक में पौधरोपण कार्य कराने का मुद्दा गूंजा था। सभासदों ने पौधरोपण में लागत अधिक होने पर आपत्ति जताइ थी, साथ ही संबंधित विभाग से साक्ष्य पेश करने की मांग की थी। इसके बाद पालिका चेयरमैन ने मामले में पांच सदस्यीय समिति गठित करने के आदेश दिए हैं।
नगर पालिका ने मानसून के दौरान शहर में 7500 पौधे लगाये हैं। पौधरोपण 23 लाख रुपये में कराया गया है। सोमवार को पालिका बोर्ड बैठक में पौधरोपण प्रस्ताव पर सभासदों ने पौधों की लागत अधिक होने पर आपत्ति जताई थी। मामले में पालिका चेयरमैन ने मामले में पांच सदस्यीय समिति गठित करने के आदेश दिए हैं। समिति में सभासद व पालिका अफसर शामिल होंगे। समिति शहर में पौधरोपण कार्य की जांच करेगी। पौधों की सप्लाई, पौधों की संख्या, शहर में कहां-कहां पौधरोपण कराया गया आदि बिंदुओं पर जांच की जाएगी।
पालिका ने किया दावा
- नगर पालिका ने 13.93 लाख रुपये में पालिका सीमा में साईड पर 7500 पौधे सप्लाई करने और 9.40 लाख की धनराशि से शहर में विभिन्न स्थानों पर गड्ढा खुदाई व पौधरोपण कराने का दावा किया है।
पौधरोपण पर पूर्व में भी लग चुके हैं निशान
- पालिका के पौधरोपण पर पूर्व में भी सवालिया निशान लग चुके हैं। वार्ड चार, तीन, पांच के सभासद पौधरोपण नहीं कराने का आरोप लगा चुके हैं। अगर पौधे वार्डों में नहंीं लगाए तो आखिर पौधरोपण कहां कराया गया।
कोट
पालिका चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत ने बताया कि पौधरोपण कार्य की जांच पांच सदस्यीय समिति से कराई जाएगी। समिति को जल्द रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए गए हैं।