बकायेदारों के खिलाफ रविवार से चलेगा महाअभियान
हापुड़। लाखों रुपये की बकायेदारी दबाए बैठे ऊर्जा निगम के उपभोक्ताओं पर रविवार को कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। हापुड़ समेत समूचे उत्तर प्रदेश में रविवार को महाअभियान चलाकर कार्रवाई होगी। बिल काउंटर खोले जाएंगे। इसके अलावा एक महीने तक प्रतिदिन डिवीजन क्षेत्र के 250 बकायेदारों पर कार्रवाई हर हाल में करनी होगी।
महाअभियान की तैयारी को लेकर पश्चिमांचल के मुख्य अभियंता आरपीएस तोमर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को मीटर यूनिट बेस्ड विद्युत बिल ही जारी किया जाए। यदि रीडिंग और बिल में अंतर पाया गया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। बिजली का बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं को किसी हाल में न छोड़ा जाए। प्रतिदिन डिविजन क्षेत्र में अधिकारियों को 250 बकायेदारों के कनेक्शन पर कार्रवाई करनी ही होगी। इसमें कैंप लगाकर वसूली की जाए, काउंटरों को भी खोला जाए। बैठक में अधिशासी अभियंता पीके गौतम समेत एसडीओ, जेई आदि मौजूद रहे।