जिले के हजारों किसानों को मिलेगी पेंशन, शासन से गाइडलाइन जारी
हापुड़। जिले के हजारों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना जिले में लागू कर दी गई है। 18-40 वर्ष तक के किसान योजना में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसमें उन्हें प्रति महीने 55 से 200 रुपये का प्रीमियम देना होगा। 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद उन्हें मासिक तीन हजार रुपये पेंशन के रूप में दिए जाएंगे।
किसानों के हित में सरकार प्रयासरत है। किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को वार्षिक 6 हजार रुपये की सौगात दी जा रही है। इसके अलावा अब सरकार ने किसानों को पेंशन देने का भी निर्णय लिया है। इसके लिए प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना को लागू किया गया है। 18-40 साल तक के किसान किसी भी नजदीकी जन सेवा केंद्र से योजना में आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा के अनुसार प्रति महीने उनका प्रीमियम कटेगा। न्यूनतम प्रीमियम 55 रुपये/मासिक व अधिकतम 200 रुपये/मासिक होगा।
योजना में शामिल किसान की आयु जैसे ही 60 वर्ष होगी, प्रति महीने पेंशन के रूप में उसे तीन हजार रुपये की सौगात दी जाएगी। शासन से आदेश मिलते ही कृषि विभाग के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। योजना का प्रचार प्रसार कर, किसानों को पूरी जानकारी दी जा रही है।
55 किसान प्राविधिक सहायकों को दिया लक्ष्य
कृषि विभाग के अधिकारियों ने योजना को सफल बनाने के लिए किसान प्राविधिक सहायकों को लक्ष्य आवंटित किए हैं। प्रत्येक सहायक को 200 किसानों के आवेदन कराने होंगे, जिले में कुल 55 किसान प्राविधिक सहायक तैनात हैं।
-इस तरह कटेगा प्रीमियम-
आयु किसान अंशदान
18 वर्ष 55 रुपये
19 वर्ष 58 रुपये
20 वर्ष 61 रुपये
21 वर्ष 64 रुपये
22 वर्ष 68 रुपये
23 वर्ष 72 रुपये
24 वर्ष 76 रुपये
25 वर्ष 80 रुपये
26 वर्ष 85 रुपये
27 वर्ष 90 रुपये
28 वर्ष 95 रुपये
29 वर्ष 100 रुपये
30 वर्ष 105 रुपये
31 वर्ष 110 रुपये
32 वर्ष 120 रुपये
33 वर्ष 130 रुपये
34 वर्ष 140 रुपये
35 वर्ष 150 रुपये
36 वर्ष 160 रुपये
37 वर्ष 170 रुपये
38 वर्ष 180 रुपये
39 वर्ष 190 रुपये
40 वर्ष 200 रुपये
नोट:इस प्रीमियम में किसान द्वारा जमा किए पैसों के बराबर का अंशदान सरकार स्वयं वहन करेगी।
-अधिकारी कहिन-
जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार सिंह का कहना है कि किसान योजना में आवेदन कर, पेंशन का लाभ उठा सकते हैं। कृषि विभाग में भी योजना की पूरी जानकारी की जा सकती है।