गोल मार्केट में सड़क के बीच पार्किंग बनी मुसीबत
हापुड़। गोल मार्केट व्यापारी समिति ने नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर मंगलवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मार्केट के बीचोबीच में कराई जा रही पार्किंग व्यवस्था को हटवाने की मांग की है। जिससे कि बड़े वाहनों का भी मार्ग से आवागमन हो सके। लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
गोल मार्केट व्यापारी समिति हापुड़ के सुनील बत्रा, सौरभ अग्रवाल, आनंद प्रकाश, मनोज जैन, राहुल अग्रवाल, गौरव सिक्का ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि गोल मार्केट में अतरपुरा चौराहे से लेकर मोती गंज तक पार्किंग की नई व्यवस्था लागू की गई है। वाहनों की पार्किंग सड़क किनारे ही की जा रही है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि वाहनों को सड़क के बीचोबीच खड़ा कराने का निर्णय बिना सोचे समझे ही लिया गया है। यह मार्ग नगर के पुराने इलाकों की आबादी का संपर्क मार्ग है। इसकी वजह से वाहनों को आवागमन में परेशानी हो रही है। व्यापारियों के व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर मार्केट में रहने वाले लोगों के आवास पर कोई हादसा हो जाये तो एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग व राहत सामग्री पहुंचना प्रभावित होगा। इससे सामान्य घटना भी बड़े हादसे का रूप धारण कर सकती है। इसके लिये कौन जिम्मेदार होगा।
प्रशासन बाजार में दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाने का आदेश भी जारी कर चुका है, लेकिन अभी तक भी दुकानदारों ने अतिक्रमण को नहीं हटाया है। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से व्यापारी व निवासियों की समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।