प्रोटीन बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, भरे नमूने
पिलखुवा। खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन की टीम द्वारा शुक्रवार को कस्बा स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारकर प्रोटीन व कैल्शियम की दवाईयों के नमूने लिए गए। इस दौरान बाजार में हड़कंप की स्थिति रही। छापे के दौरान औषधि निरीक्षक भी मौजूद रहे।
औषधि निरीक्षक लवकुश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मोहल्ला अर्जुन नगर स्थित एक फैक्ट्री में बिना अनुमति के कैप्सूल और टैबलेट बनायी बनायी जा रही है। सूचना के आधार पर छापा मारा गया। यहां मामला प्रोटीन और कैल्शियम पाउडर बनाने का निकला, जिसके बाद अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गयी। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी पहुंच गयी।
अभीहित अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि इस फैक्ट्री में प्रोटीन व कैल्शियम पाउडर बनाया जा रहा है। यह बॉडी ग्रो पाउडर जिम करने वाले प्रयोग करते हैं। उन्होंने फैक्ट्री में बनाई जा रहे प्रोटीन पॉउडर और कैल्शियम दवाइयों के फूड सप्लीमेंट के नमूने लिए। नमूनों को संग्रहित कर राजकीय लैब लखनऊ जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की सूचना से आसपास के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया और वे मेडिकल स्टोर बंद कर फरार हो गए। कुछ मिठाई की दुकानें भी बंद हो गयी।