महमूदपुर अंडरपास में जलभराव ने रोका आठ गांवों का रास्ता
हापुड़। मंगलवार को हुई बारिश से रेलवे क्रॉसिंग के पास बने अंडरपास में भी पानी भर गया। सबसे ज्यादा दिक्कत महमूदपुर गांव के पास बने अंडरपास में जलभराव से हुई। जलभराव के चलते आठ गांवों का आवागमन बंद हो गया। जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं जलभराव की समस्या के निस्तारण को रेलवे द्वारा बनवाए गए हार्वेस्टिंग सिस्टम भी फेल नजर आए।
मंगलवार को आई आफत की बारिश ने शहर को तालाब में तब्दील कर दिया। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों में भी रहा। मुख्य मार्गों से लेकर संपर्क मार्गों पर पानी भर गया। सबसे ज्यादा दिक्कत रेलवे क्रॉसिंग के पास बने अंडरपास पर नजर आई। मंगलवार को मेरठ-खुर्जा ब्रांच लाइन पर महमूदपुर अंडरपास पर जलभराव हो गया। जलभराव होने से करीब आठ गांवों के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं स्कू ल आने वाले गांवों के बच्चों को भी जलभराव के बीच से ही होकर आना जाना पड़ा। हालांकि यह जलभराव पहली बार नहीं हुआ है। रेलवे के अंडरपास में जलभराव के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। जलभराव की वजह से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कई किलोमीटर की दूरी तय करके ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर होना पड़ता है। अंडरपास बनाने के दौरान ग्रामीणों ने इनका काफी विरोध किया था। इनके निर्माण में बरती जा रही अनियमितता की शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर शासन में भी की गई लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। महमूदपुर निवासी अनुज तेवतिया ने बताया कि जब भी बारिश होती है लोग यही प्रार्थना करते हैं कि अंडरपास में जलभराव न हो। एक बार जलभराव होने के बाद कई दिन तक यहां पानी भरा रहता है। रेलवे द्वारा बनवाए गए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी फेल हो जाते हैं। कुल मिलाकर ग्रामीणों को इनसे राहत कम मुसीबत ज्यादा झेलनी पड़ रही है। वहीं रेलवे के अधिकारियों ने पंप की सहायता से अंडरपास में भरे पानी को जल्द निकलवाने की बात कही है।