जान जोखिम में डालकर यात्री पैदल पार कर रहे रेलवे ट्रैक
हापुड़। रेलवे स्टेशन पर रेल यात्री जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार कर रहे हैं। लोगों की लापरवाही हादसों को न्यौता दे रही है। वहीं रेलवे पुलिस की सुस्ती के वजह से रेल यात्रियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रेलवे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की कवायद कर रही है। एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों की गति बढ़ गई है, लेकिन हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रेल यात्री ट्रैक को पैदल ही पार कर रहे हैं। महिलाएं भी बच्चों संग जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार कर रही हैं। ऐसे में रेलवे लाइन पर अचानक ट्रेन आने से कभी भी दुर्घटना हो सकती है। भले ही रेलवे पुलिस रेल के गेट पर बैठकर सफर करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का दंभ भरती हो, लेकिन इस मामलों में रेलवे पुलिस सुस्ती पूर्ण रवैया अपनाए हुए हैं। रेलवे पुलिस पूर्व में हुए हादसों से भी सीख नहीं ले रही है। बता दें कि रेलवे स्टेशन पर पूर्व में भी ट्रैक पार करते समय हादसे हो चुके हैं। पिछले महीने ही सबवे के टैंक में एक महिला गिर गईं थी। रेलवे कर्मचारियों ने सीढ़ी लगाकर महिला को बाहर निकाल कर उसका उपचार कराया था। हालांकि टैंक में पानी नहीं होने के कारण हादसा होने से टल गया था।
----- कोट -----
स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना ने बताया कि रेल यात्रियों के लिए सबवे व फुट ओवर ब्रिज है। पैदल रेलवे ट्रैक पार करने वाले रेलयात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।