गन्ना भुगतान नहीं हुआ तो किसान करेंगे आंदोलन
हापुड़। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने चीनी मिलों से किसानों का बकाया भुगतान दिलाने की मांग की है। उन्होंने मांग जल्द पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। गुरुवार को फ्री गंज स्थित भाकियू कार्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल सचिव ज्ञानेश्वर सिंह त्यागी ने कहा कि गन्ना मिलों पर किसानों का बकाया करीब 500 करोड़ रुपये हो गया है। इससे गन्ना किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है। किसान एक-एक पैसे के लिए मोहताज हो गए हैं। उन्हें अपनी फसलों को पैदा करने , बच्चों की फीस जमा करने, परिवार का खर्चा चलाने में दिक्कत हो रही है, लेकिन प्रशासन व मिल प्रबंधक किसानों की समस्या को समझने में विफल साबित हो रहा है। ऐसे में अब किसानों के पास कर्ज में डूबने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। वहीं सरकार भी गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी नहीं कर रही है। उन्होंने गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों का ब्याज सहित जल्द भुगतान नहीं कराया गया तो किसान लखनऊ कूच करेगा। प्रदेश सरकार के सामने अपनी आवाज बुलंद करेगा। इस दौरान सुरेंद्र सिंह चौधरी, दिनेश खेड़ा, कुंवर सिंह, मोनू, संदीप चौधरी, बबली, नीलम, सचिन, पीके वर्मा, विनोद, प्रमोद, इकराम, शुभम, ब्रजेश, बबली रहे।