दो तस्करों के पास से डेढ़ लाख का चरस, गांजा बरामद
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड फ्लाई ओवर के नीचे बुधवार रात पुलिस ने दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये की चरस, गांजा बरामद किया गया है।
कोतवाली निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि बुधवार रात को वह मेरठ रोड फ्लाई ओवर के नीचे गश्त कर रहे थे। इस दौरान वहां स्थित एक भंग की दुकान के पास दो संदिग्ध लोग नशीला पदार्थ बेचते नजर आए, उनकी तलाशी लेने पर एक के पास 600 ग्राम गांजा व दूसरे के पास 110 ग्राम चरस मिली। इनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बतायी जा रही है। आरोपियों की पहचान खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव फफूंडा निवासी चंद्र व हापुड़ के आदर्शनगर कालोनी निवासी संजय के रूप में हुई है। इनके पास से साढ़े पंद्रह हजार रुपये नकद व दो मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने मेरठ से चरस, गांजा लाकर हापुड़ में लोगों को बेचने की बात कबूली है।