बाईपास पर नहीं बने अंडरपास, आज जिला मुख्यालय पर गरजेंगे ग्रामीण
हापुड़। कई गांवों से होकर गुजर रहे निर्माणाधीन बाईपास पर संपर्क मार्गों के लिए अंडरपास न बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन की रणनीति बना ली है। सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव कर ग्रामीण प्रशासनिक अफसरों से जवाब मांगेंगे। भाकियू ने भी इस आंदोलन में समर्थन दिया है।
एनएच-24 के समांतर एक निर्माणाधीन बाईपास रसूलपुर, गढ़ी, नली, भड़ंगपुर, लुखराड़ा, नूरपुर, भमैड़ा, अल्लीपुर, भिम्बयारी, शाहपुर, फतेहपुर, काकोड़ी आदि गांवों से होकर गुजर रहा है। इन गांवों के संपर्क मार्ग को भी बाईपास ने बाधित कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि एनएएचआई बाईपास पर अंडरपास बनाकर गांवों के संपर्क मार्ग को पहले की स्थिति में ही रहने दें। लेकिन एनएएचआई की ओर से इस संबंध में कोई राहत नहीं दिलायी गई। इसके विरोध में बीते दिनों ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर अफसरों को समस्या से अवगत कराया था। साथ ही समस्या का समाधान न मिलने पर सोमवार को जवाब मांगने की बात कही थी। रसूलपुर निवासी धनवीर शास्त्री व जतिन चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से कोई राहत नहीं मिलने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने फिर से जिला मुख्यालय के घेराव का निर्णय लिया है। लोगों की भीड़ जुटाने के लिए जन संपर्क भी किया जा रहा है। ग्रामीणों के इस आंदोलन को भाकियू ने भी समर्थन दिया है।