आफत की बारिश : मोहल्लों व सड़कों पर दिखी नगर पालिका की लापरवाही
हापुड़। झमाझम बारिश से सोमवार को जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ गई। कुछ ही देर की बारिश से शहर के दर्जनों मोहल्लों व सड़कों पर जलभराव हो गया। इस दौरान बारिश रुकने के बाद लोगों को आने-जाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों में नगर पालिका अफसरों के खिलाफ रोष दिखाई दिया।
पिछले कई दिनों से मौसम के तल्ख तेवरों से लोगों का बुरा हाल है। भीषण गर्मी से लोग हलकान भी हो रहे हैं। सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। शाम को मौसम ने पलटी मारी और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से लोगों ने भीषण गर्मी से राहत महसूस की। वहीं बारिश होने से स्वर्ग आश्रम रोड, देहली गेट मोहल्ला, न्यू शिवपुरी, मंडी पाटिया, चैनापुरी, मजीदपुरा, शक्तिनगर सहित कई मोहल्लों में जलभराव भी देखने को मिला। देहली गेट व पीर वाली गली निवासी इस्लामुद्दीन, इब्राहीम, सोनू, शाहनाबाज, इमरान, नईम, अब्दुल ने जलभराव को लेकर नगर पालिका अफसरों के खिलाफ नाराजगी भी व्यक्त की।
सोते रहे अफसर, परेशान हुए लोग
- लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के अधिकारियों ने मानसून को लेकर कोई तैयारी नहीं की। मानसून से पहले न तो नाले-नालियों में जमा कचरा साफ किया गया और न ही सड़कों पर पानी की निकासी के कोई इंतजाम किए गए। इसकी पोल कुछ देर की बारिश में ही खुल गई। अधिकारियों की लापरवाही के चलते बारिश से राहत की जगह लोगों को परेशानी अधिक हुई है।
नगर पालिका परिसर में कार पर गिरा पेड़, क्षतिग्रस्त
हापुड़। नगर पालिका परिसर में सोमवार शाम को एक पेड़ गिर गया। पेड़ परिसर में खड़ी कार पर गिरने वह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि किसी व्यक्ति के कोई चोट नहीं आई।
सोमवार शाम को अचानक मौसम में बदलाव आने से आंधी के साथ बारिश हुई। तेज आंधी आने की वजह से नगर पालिका में एक पेेड़ गिर गया। हवा का दबाव अधिक होने से पेड़ अचानक गिर गया। इससे पेड़ के नीचे खड़ी एक कार भी दब गई। पेड़ गिरने के कारण कार का शीशा टूट गया और छत पिचक गई। शीशा टूटने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। नगर पालिका स्टाफ व लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को कार के ऊपर से हटवाया।
देहात, शहर की बिजली गुल
- झमाझम बारिश से देहात, शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर लाइन में फाल्ट भी हुए। जिनकी पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है।
फोटो मोडम से
झमाझम बारिश से सड़कों पर हुआ जलभराव
- पिलखुवा में दोपहर के बाद चली तेज हवाओं के बाद हुई झमाझम बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। इस दौरान वाहन चालक सड़कों पर लाइट जलाकर चलने को मजबूर रहे। करीब एक घंटे तक लगातार हुई बारिश के चलते नगर के मोहल्ला चंडी रोड, गांधी बाजार, डबरिया, शिवाजी नगर, सर्वोदय नगर, सद्दीकपुरा आदि में जलभराव हो गया। इसके अलावा हाइवे-9 की सड़कों पर भी बारिश का पानी भरा दिखाई दिया। हालांकि कई दिनों से गर्मी व उमस से बेहाल लोगों को बारिश से राहत जरूर मिली। मौसम सुहाना होने के बाद शाम होते ही लोग अपने परिवार के साथ घूमते दिखाई दिए। वहीं मौसम बदलने के साथ ही बाजार में व चाट की दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ दिखी। बारिश से हाइवे के किनारे बनी दुकानों पानी भरने से दुकानदारों को काफी दिक्कत हुई। ठेले वाले तो पालीथिन व तिरपाल डालकर बारिश से बचे। इसके अलावा बारिश के चलते नगर व गांव देहात की बिजली गायब रही।