मुआवजा न मिलने पर किसान के परिजनों ने किया प्रदर्शन
हापुड़। आरिफपुर मंढैया में जर्जर विद्युत लाइन की चपेट में आकर किसान की मौत के मामले में निगम की ओर से न तो कोई मुआवजा दिया गया है और न ही जर्जर विद्युत लाइन को दुरस्त किया गया है। जबकि एसडीएम ने भी मौके का निरीक्षण कर, आश्वासन दिया था। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन भी किया।
जिला पंचायत सदस्या कृष्णकांत हूण ने बताया कि 4 जुलाई को जर्जर विद्युत लाइन का तार खेत में गिरने के कारण किसान प्रेम सिंह की तेज प्रवाह के करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इस दौरान एसडीएम सत्यप्रकाश ने भी जर्जर लाइनों की वीडियोग्राफी करायी थी। ग्रामीणों को जर्जर लाइनों से निजात दिलाने का आश्वासन दिया था।
लेकिन निगम की ओर से मृत किसान के परिजनों को न तो मुआवजा दिया गया है और न ही जर्जर विद्युत लाइन को दुरुस्त किया गया है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर, जल्द राहत नहीं मिलने पर कलक्ट्रेट घेराव की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वालों में पप्पू ठेकेदार, ओमेंद्र सिंह, राजू, कृष्ण, मुकेश, वीर सिंह, ऋषि, डा.जितेंद्र आदि रहे।