भाकियू ने सहकारी समिति के एमडी को बनाया बंधक
हापुड़। फ्रीगंज रोड स्थित सहकारी क्रय विक्रय समिति के एमडी पर किसानों से दो दो हजार रुपये अवैध वसूली और भाकियू कार्यालय को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव बनाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया। करीब दो घंटे तक एमडी को बंधक बनाए रखा। एमडी कार्यकर्ताओं के हाथ जोड़ते रहे, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। हालांकि बाद में समिति के निदेशकों के आश्वासन पर वह शांत हुए।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष धनवीर शास्त्री ने बताया कि सहकारी समितियों से किसान उधार में खाद आदि लेते हैं। प्रत्येक वर्ष फाइल का नवीनीकरण कराया जाता है। इसके एवज में किसानों से प्रत्येक फाइल पर दो दो हजार रुपये ऐंठे जा रहे हैं।
इतना ही नहीं फ्रीगंज रोड स्थित भाकियू कार्यालय को स्थानांतरित कराए जाने का प्रस्ताव बनाने का भी आरोप लगाया गया। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने समिति के एमडी को बंधक बना लिया। करीब दो घंटे तक उन्हें बंधक बनाए रखा, एमडी कार्यकर्ताओं के हाथ जोड़ते रहे। लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और नारेबाजी व हंगामा करते रहे।
समिति के डायरेक्टरों के हस्तक्षेप और राहत के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनके कार्यालय को स्थानांतरित करने की बात की गई तो आंदोलन किया जाएगा। किसानों से वसूली बर्दाश्त नहीं होगी।
हंगामा करने वालों में चौधरी यशवीर सिंह, कमल सिंह, रामपाल सिंह, टेनपाल सिंह, मुनेश पाल, भगत सिंह आदि मौजूद रहे।
समिति के एमडी जयनिवास शर्मा का कहना है कि किसानों से कोई पैसा नहीं लिया गया है। वह सिर्फ कार्यकर्ताओं को समिति परिसर में ही कार्यालय बनाकर देने की बात कह रहे थे।