केबल बॉक्स में फाल्ट से चार घंटा गुल रही दर्जनों मोहल्लों की बत्ती
हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित बिजलीघर से लाइन पार इलाके को जा रही आपूर्ति का केबल बॉक्स रेलवे क्रासिंग के पास फट गया। इसके चलते दर्जनों मोहल्लों की बत्ती गुल हो गई। भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोदीनगर रोड स्थित 132केवी क्षमता के बिजलीघर से मेरठ रोड आवास विकास, सर्वोदय कालोनी, गांधी विहार, अमृत विहार, वैशाली, पंचवटी कालोनी, आदर्श नगर आदि मोहल्लों को बिजली आपूर्ति दी जाती है।
सोमवार को मेरठ रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडर ग्राउंड केबल बॉक्स में फाल्ट हो गया। इसके चलते उक्त मोहल्लों की आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी से तिलमिलाए लोगों ने बिजलीघर पर फोन किया। निगम कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग कर फाल्ट को खोजा। करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट को दुरुस्त किया जा सका। इसके बाद लोगों को राहत मिल सकी।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि गर्मी और अधिक लोड के चलते केबल बॉक्स में फाल्ट हो गया था। इसे दुरुस्त करा आपूर्ति बहाल करा दी गई है।