बेटे को फौजी बनाने के लिए बेची जमीन, शातिरों ने 15.50 लाख ठगे
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पसवाड़ा में युवक को सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 15.50 लाख रुपये हड़प लिए, नौकरी न मिलने के बाद पीड़ित की मां ने एसपी के आदेश पर छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव निवासी महिला कांता देवी ने बताया कि अक्तूबर 2020 में गांव में रहने वाले रवि उर्फ विरेंद्र, अभिषेक, रीना, रामवती, सुनील ने उसके बेटे आदित्या को सेना में भर्ती कराने की बात कही थी। जिसमें करीब साढ़े 16 लाख रुपये का खर्चा बताया था। पीड़िता का आरोप है कि गांव में मौजूद उसने अपनी 10 बीघा भूमि को सस्ते दामों में बेच दिया और वहां से मिली रुपये दे दिए। लेकिन दो साल बीत गए, बेटे की नौकरी नहीं लग पाई। पीड़ित मा-बेटे ने उनसे पैसे वापस मांगे तो वह टाल मटोल करते रहे, लेकिन सख्ती से तकादा करने पर आरोपियों ने एक लाख रुपये वापस दे दिए। जिसके बाद पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अपने शेष राशि वापस मांगी तो 2 जुलाई में आरोपी अभिषेक अपने साथ अज्ञात युवक को लेकर पहुंचा और तकादा करने से मना किया, और कहा कि यदि भविष्य में तकादा किया तो जान से मार देंगे। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने अनसुना कर दिया। जिसके बाद पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। जिनके आदेश पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
बहादुरगढ़ थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि संबंधित मामले में आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद