गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव में आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हो गया, जिसमें दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ, इस दौरान राहगीर समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया।
सोमवार को नयागांव में पूरन, महेंद्र और मूली की किसी बात को लेकर मोहल्ले के ही बलवंता और उसके बेटे गजेंद्र से कहासुनी हो गई। पूरन के पक्ष के लोगों ने गाली गलौज का विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे घरों पर पथराव करना शुरू कर दिया।
इस दौरान एक पक्ष से महेंद्र और दूसरे पक्ष से गजेंद्र घायल हो गए, वहीं गांव निवासी जगदीश भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा।