नशे में सीएनजी पंप पर युवकों ने किया हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्याना चौराहे के निकट एक सीएनजी पंप स्थित है। बृहस्पतिवार की देर शाम पंप पर ऑटो चालक समेत अन्य लोग अपने वाहनों में सीएनजी डलवाने के लिए लाइन में लगे हुए थे। इसी बीच कार सवार कुछ युवक पंप पर पहुंचे और सामने की तरफ से पंप पर पहुंच गए। जिन्होंने पंप कर्मियों से पहले उनकी कार में सीएनजी भरने के लिए कहा। लेकिन पंप कर्मियों ने भीड़ होने का हवाला देते हुए बिना नंबर सीएनजी भरने से मना कर दिया और युवकों को पीछे लाइन में लगने के लिए कहने लगे। पंपकर्मियों का आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवक भड़क गए, जिन्होंने कार से उतर कर हंगामा करते हुए उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने कई पंप कर्मियों के साथ मारपीट भी की। जिसके चलते 112 नंबर पर कॉल कर सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक भाग निकले। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। युवकों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।