रजवाहे में युवक का मिला फंदा लगा शव
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिहूनी के निकट रजवाहे में मंगलवार की देर शाम ग्रामीणों को एक युवक का गला-सड़ा शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद बहादुरगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को रजवाहे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मृतक के गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। बहादुरगढ़ पुलिस का कहना है कि शव काफी दिन पुराना है। गले में रस्सी का फंदा मिलने से प्रथमदृष्टया मामला हत्या कर युवक का शव रजवाहे में फेंकने का प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। जिसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। संवाद