ढाई बीघा जमीन के लालच में कर दी मां की हत्या
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एक गांव में गोद लिए पुत्र और पुत्रवधू ने मिलकर मां की गला दबाकर हत्या कर दी। जिसके बाद बेटे ने रिश्तेदारों को बुलाकर मृतका का अंतिम संस्कार ब्रजघाट गंगा तट पर कर दिया। वहीं, मृतका के भाई ने अपनी बहन के गोद लिए पुत्र और पुत्रवधू के खिलाफ तहरीर देकर हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जनपद गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के जारचा क्षेत्र के गांव पटादी निवासी सोहनपाल ने शुक्रवार को बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसकी बड़ी बहन कांति (65 वर्ष) गांव सिकंदरपुर में रहती थी, जिसके पति रामशरण की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। निसंतान कांति ने पति की मौत के बाद तीन वर्ष के एक बच्चे को गोद लेकर उसका पालन-पोषण किया। जिसका नाम जोगेंद्र रखा गया। सोहनपाल का कहना है कि जोगेंद्र की शादी जनपद बुलंदशहर के थाना सिहाना क्षेत्र के गांव किसोना निवासी ज्योति के साथ हुई। काफी समय तक सब ठीक रहा।
बहन की मौत की सूचना पर पहुंचे गांव
पीड़ित ने बताया कि एक सितंबर को जोगेंद्र ने सूचना दी कि कांति का निधन हो गया है। बहन के निधन की सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ सिकंदरपुर पहुंच गया। जिसके बाद अन्य रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ मृतका का अंतिम संस्कार ब्रजघाट गंगा तट पर कर दिया। अंतिम संस्कार के बाद वह लोग अपने घर लौट गए।
पड़ोसियों के बताने पर हुआ संदेह
तीन सितंबर को वह अपने परिवार के साथ सिकंदरपुर पहुंचा। जहां आस पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उसकी बहन की मौत को संदेहजनक बताया। जिसके बाद उन्होंने गांव के लोगों के साथ मिलकर जोगेंद्र व ज्योति से पूछताछ की, तो दोनों ने गला दबाकर कांति की हत्या की बात कबूल ली।
जमीन के लालच में दिया अंजाम
आरोपी जोगेंद्र ने बताया कि कांति के नाम पांच बीघा कृषि भूमि थी, जिसमें से ढाई बीघा भूमि वह उसके नाम कर चुकी थी, लेकिन बाकी ढाई बीघा भूमि उन्हें देने से इनकार कर दिया। जिसे लेकर काफी दिनों से घर में विवाद रहता था। जिसके चलते उसने ज्योति के साथ मिलकर कांति की गला दबाकर हत्या कर दी। जिसमें उनका साथ गांव सलारपुर निवासी दीवान ने भी दिया। सोहनपाल ने तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर हत्या और साक्ष्य खत्म करने के मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।