दुकान में चोरी की बाइक काटते दो गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में बाइक चोरी कर कटान करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि गढ़ क्षेत्र की नानपुर पुलिस चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव मंगलवार को मेरठ रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को बाइक कटान की सूचना मिली। चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव ने नानपुर में रजवाहे के पास एक बाइक मरम्मत की दुकान पर कार रोकी, जहां दो युवक दुकान में बैठकर बाइक काट रहे थे। पुलिस को देख युवकों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर आरोपी अब्दुल और सलमान निवासी रहमत खेल शाहजहांपुर किठौर ने बताया कि वह पल्सर बाइक को चोरी कर लाए थे, जिसको वह काट रहे थे। जिसके पार्टस वह अन्य बाइकों में लगाकर रुपये कमाते है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों की दुकान से बाइक की टंकी, टायर समेत बाइक मरम्मत करने के उपकरण भी बरामद किए। जिसके बाद दोनों आरोपियों को बरामद हुए सामान के साथ कोतवाली ले आई। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों पर चोरी की संपत्ति को कटान करने और बरामदगी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करते न्यायालय में पेश किया है।