ठगी के आरोपी के सामान की कुर्की
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव चांदनेर में 18 माह में धन दोगुना करने का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी के मुख्य आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई की गई। जिसमें पुलिस टीम ने लाखों का सामान जब्त किया है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी अशोक चौहान ने अपने भाई व पत्नी समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर कई साल पहले निफ्टेक ग्लोबल के नाम से एक फाइनेंस कंपनी खोलकर 18 माह में लोगों को धन दोगुना करने का लालच दिया। जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने अपनी कृषि भूमि समेत अन्य सामान बेचकर करोड़ों रुपये रुपये निवेश किए। गत वर्ष कोरोना संक्रमण के बीच संचालक कंपनी बंद कर फरार हो गए। जिसके बाद दर्जनों लोगों ने कंपनी के पांच संचालकों समेत उनके एजेंटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने केवल तीन एजेंटो को गिरफ्तार कर अपने कार्य की इतिश्री कर ली। मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। इस संबंध में गांव चांदनेर के ग्रामीणों ने गौरव चौहान के नेतृत्व में एसपी कार्यालय का घेराव कर कार्रवाई की मांग भी उठाई थी।
वहीं मामले की जांच क्राइम ब्रांच समेत इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर कर रहे थे। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर करीब डेढ़ माह पहले आरोपियों के घर कुर्की के नोटिस भी चस्पा भी किए थे। मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर, बहादुरगढ़ थाना एसएसआई यशपाल गौतम समेत भारी पुलिस बल देर शाम चांदनेर पहुंचा। जहां मुख्य आरोपी अशोक चौहान के घर के सामान को जब्त किया गया।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई है। बरामद सामान को बहादुरगढ़ थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। संवाद