पौपाई-हिरनपुरा में 800 ग्रामीणों ने लगवाया भरोसे का टीका
गढ़मुक्तेश्वर। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पौपाई-हिरनपुरा में 35 सौ की आबादी पर 800 ग्रामीणों को कोविड वैक्सीन लग चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में चार बार कैंप लगाया जा चुका है। ग्रामीण टीकाकरण के लिए जागरूक हो रहे हैं वहीं युवा भी अपने स्लॉट बुक कराकर टीका लगवा रहे हैं।
ग्राम पंचायत पौपाई हिरनपुरा की प्रधान नेहा ने बताया कि अप्रैल से लेकर जून माह तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में चार बार कैंप लगाकर टीकाकरण कराया है। जिसमें अधिकांश गांव के बुजुर्गों को वैक्सीन लग चुकी है। गांव की आबादी 3500 है जबकि 1980 मतदाता हैं। अब तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के 800 लोग टीका लगवा चुके हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव के युवा ऑनलाइन स्लॉट बुक कराकर टीकाकरण करा रहे हैं। गांव के लोग जागरूक हो रहे हैं। जुलाई माह तक गांव में करीब 15 सौ ग्रामीणों को टीका जाएगा।
टीका ही बचाएगा
टीकाकरण के लिए स्लॉट बुक किया हुआ है, जल्द ही टीका लग जाएगा। वहीं अन्य ग्रामीणों को भी टीके के लिए जागरूक कर रही हूं।
- नेहा, ग्राम प्रधान
फैला रहे जागरूकता
टीकाकरण के लिए गांव में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग टीका लगवाएं और संक्रमण से बचें। - मनोज फौजी
टीका है सुरक्षित
टीके को लेकर अफवाहें भी फैल रही हैं, जिन पर ध्यान न दें। गांव के लोग वैक्सीनेशन कराए, जिससे गांव कोरोना मुक्त हो सके। - यशपाल सिंह
सभी लगवाएं टीका
जिन लोगों के स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं, वह टीकाकरण के लिए गढ़ सीएचसी जाकर टीका लगवा सकते हैं। सभी को टीका लगवाना चाहिए। - रोशी गुर्जर
ग्रामीण हो रहे जागरूक
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चल रहा है। गांव में कैंप लगाकर टीके लगवाए जा रहे हैं। वहीं सीएचसी में भी वैक्सीन लग रही है। ग्रामीण अब जागरूक हो रहे हैं। - दिनेश भारती, सीएचसी अधीक्षक संवाद