सड़क दुर्घटना में महिला समेत चार घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। जिनमें से एक युवक को चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया है।
जनपद गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र निवासी रामकिशोर मंगलवार की सुबह अपनी पत्नी सीमा के साथ बाइक से ब्रजघाट गंगा स्नान करने आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सिंभावली क्षेत्र में गांव सिखैड़ा के निकट नेशनल हाईवे पर पहुंची, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को साइड मार दी, जिससे बाइक सवार दंपती घायल हो गए। वहीं गढ़-स्याना रोड पर गांव सदरपुर के निकट अनियंत्रित होकर बाइक फिसलने से उस पर सवार दिनेश निवासी स्याना, जनपद बुलंदशहर घायल हो गया। इसके अलावा गढ़-मेरठ रोड पर गांव पौपाई के निकट तेज रफ्तार कार की साइड लगने से किठौर निवासी उमर की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, सड़क में सिर लगने से वह गंभीर घायल हो गया। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया है।