लुहारी में आठ हजार की आबादी पर 347 ने लगवाया टीका
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ तहसील क्षेत्र का गांव लुहारी बड़ी आबादी का गांव है। जहां आठ हजार की आबादी पर केवल 347 लोगों को ही टीका लगा है। गांव में लगाए गए कैंपों में केवल 45 से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण हुआ है। युवाओं को वैक्सीन लगवाने के लिए गढ़ सीएचसी ही आना पड़ रहा है, लेकिन जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ टीका लगवाने वालों की संख्या भी बढ़ रही है।
लुहारी की आबादी करीब आठ हजार के आसपास है। यह गांव तहसील मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर स्थित है। गांव में प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित है। जिसमें कैंप लगाकर ग्रामीणों का टीकाकरण किया जा रहा है। शुरूआत में भ्रांतियों और डर के चलते ग्रामीण टीकाकरण कराने के लिए नहीं पहुंच रहे थे, लेकिन ग्राम प्रधान समेत युवाओं द्वारा समझाने पर संख्या बढ़ने लगी है। इसके बावजूद अभी केवल 347 लोगों का ही टीकाकरण हो सका है। युवाओं ने ग्रामीणों का डर दूर करने का बीड़ा उठाया है। जो लोगों को वैक्सीन के फायदे बता रहे हैं।
----
क्या कहते हैं ग्रामीण
सबको जागरूक करना जिम्मेदारी
संक्रमण से बचाव के लिए टीक लगना बहुत जरूरी है। टीका लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन किया हुआ है, लेकिन तारीख नहीं मिली है। सबको जागरूक करना हमारी जिम्मेदारी है।-राजकुमार, ग्राम प्रधान
खुद लगवाया टीका
गांव में कैंप लगने के बाद मैंने स्वयं टीका लगवाया। इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। बीमारी से बचने के लिए टीकाकरण जरूर लगवाना चाहिए। तभी संक्रमण से बचा जा सकता है। -राजकुमार हिंदुस्तानी, ग्रामीण
-टीका लगवाने को काफी उत्सुक
45 वर्ष से कम उम्र के टीकाकरण में स्लॉट बुक नहीं हो पाने के चलते टीका नहीं लगा सका है। लेकिन टीका लगवाने के लिए बेहद उत्सुक हूं। ग्रामीणों को भी जागरूक कर रहा हूं।-परवेज चौधरी, ग्रामीण
-सुरक्षित है टीका, सभी लगवाएं
मैंने खुद को टीका लगवाया है। यह सुरक्षित है, इसका कोई साइड इफैक्ट नहीं है। टीक लगने के बाद काफी सुरक्षित महसूस कर रहा हूं। सभी को टीका लगवाना चाहिए -हरसत, ग्रामीण
-पीएचसी में कराया जा रहा टीकाकरण
लुहारी में स्थित पीएचसी में कैंप लगाकर लगातार टीकाकरण कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ग्रामीणों को जागरूक भी कर रहे हैं।-डॉ. दिनेश भारती, सीएचसी अधीक्षक
संवाद