दौताई में 22 हजार की आबादी पर 400 को ही लगा टीका
गढ़मुक्तेश्वर। शहरी क्षेत्रों में सभी आयु वर्ग के लोगों में कोविड टीका लगवाने के लिए उत्साह है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी टीकाकरण को लेकर लोग गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं। 22 हजार की आबादी वाले गांव दौताई में अभी तक 400 लोगों ने ही टीका लगवाया है। पीएचसी में प्रतिदिन कैंप लगाकर वैक्सीन लगाई जा रही है।
मुस्लिम बाहुल्य गांव दौताई में प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र है, जहां पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड वैक्सीनेशन के लिए अलग सेंटर बनाया गया है। वहीं ग्राम प्रधान, प्रबुद्ध लोगों और स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को लगातार टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अभी तक गांव में 400 लोग टीका लगवा चुके हैं, जिनमें युवाओं की संख्या अधिक है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
-ग्रामीणों को बता रहे टीके के फायदे
कुछ अफवाहों के चलते गांव के लोग टीका लगवाने से डरे हुए थे। अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा सही जानकारी मिली है। स्वयं टीकाकरण कराया। ग्रामीणों को भी टीका लगवाने के लिए जागरूक कर रही हूं। -अफसाना बेगम, ग्राम प्रधान
-ग्रामीणों को कर रहे जागरूक
कोविड वैक्सीन को लेकर ग्रामीणों में कुछ भ्रांतियां हैं। पीएचसी में जाकर पहले अपना टीकाकरण कराया, जिसके बाद से ग्रामीणों को जागरूक कर उनका भी डर दूर कर रहा हूं। लोग वैक्सीन लगवाने लगे हैं। -राशिद चौधरी, समाजसेवी
-टीका लगवाया, दूर हुआ डर
टीकाकरण की सुविधा गांव की पीएचसी में ही उपलब्ध है, जहां जाकर चिकित्सकों से बात की, जिनके समझाने पर टीका लगवाया। अब कोरोना संक्रमण का डर दूर हो गया है।-इसूब, ग्रामीण
-टीका लगवाने के हैं फायदे
गांवों में अभी भी टीके को लेकर अफवाहें हैं, चिकित्सक होने के नाते ग्रामीणों को टीका लगवाने के फायदे बताकर जागरूक किया जा रहा है। कोविड टीका कोरोना संक्रमण के प्रति शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। पूरे परिवार को टीका लगवाया है।-डॉ. हर्षवर्धन शर्मा, चिकित्सक
दौताई की पीएचसी में प्रतिदिन वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। जिसमें आसपास के गांवों के लोग भी पहुंचकर टीका लगवा रहे हैं। बुजुर्गों के मुकाबले युवाओं में टीका लगवाने का अधिक उत्साह है। स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें जागरूक भी कर रहे हैं। -डॉ. दिनेश भारती, सीएचसी अधीक्षक