टोलकर्मियों ने भाकियू पदाधिकारी से की अभद्रता
गढ़मुक्तेश्वर। अमरोहा जिला उपाध्यक्ष से अभद्रता करने पर गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने अल्लाबख्शपुर टोल प्लाजा पर हंगामा कर टोल डेढ़ घंटे के लिए फ्री करा दिया। एसडीएम समेत गढ़ और बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाने प्रयास करते रहे, लेकिन भाकियू अपने कार्यकर्ताओं से अभद्रता करने वालों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। एसडीएम के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
शनिवार की देर शाम भारतीय किसान यूनियन के अमरोहा जिला उपाध्यक्ष गाजियाबाद-दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे धरने में शामिल होने के बाद निजी कारणों से अमरोहा वापस लौट रहे थे। शनिवार की देर शाम करीब सात बजे जिला उपाध्यक्ष की कार गढ़ क्षेत्र में हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां मौजूद टोलकर्मी ने टोल टैक्स दिए बिना आगे निकालने से इनकार कर दिया। जिला उपाध्यक्ष अमरोहा ने अपना परिचय दिया, तो टोलकर्मी ने उनसे अभद्रता कर गाली-गलौज की, जिसकी सूचना उन्होंने हापुड़ जिलाध्यक्ष विरेंद्र चौधरी को दी। भाकियू पदाधिकारी से अभद्रता की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय सचिव कुशलपाल आर्य, जिलाध्यक्ष विरेंद्र चौधरी समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंच गए और हंगामा कर टोल फ्री करा दिया।
-प्रशासन और पुलिस ने मामला संभालने की कोशिश की
टोल पर हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम विजयवर्धन तोमर, कोतवाली प्रभारी शीलेश कुमार और बहादुरगढ़ इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। लेकिन इससे पहले ही अमरोहा जिला उपाध्यक्ष का कारवां टोलकर्मियों ने वहां से निकाल दिया।
-भाकियू कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े
राष्ट्रीय सचिव और जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता अभद्रता करने वाले टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जिन्होंने एसडीएम को टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एक शिकायती पत्र दिया है। इस दौरान पूर्व युवा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, परवेज चौधरी, दिनेश शर्मा, हाजी कौशर, सलमान, आबिद, विकास,बादल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्या कहते हैं अधिकारी
भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच कराकरा कार्रवाई की जाएगी।- विजयवर्धन तोमर, एसडीएम