वैठ में 20 हजार की आबादी पर मात्र 168 को लगा टीका
गढ़मुक्तेश्वर। कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए गांवों में टीकाकरण अभियान तेज हो गया है। लेकिन कुछ गांव ऐसे हैं जहां ग्रामीण अभी टीका लगवाने से कतरा रहे हैं। सिंभावली ब्लॉक के गांव वैठ में टीकाकरण के लिए तीन कैंप लग रहे हैं। गांव की आबादी लगभग 20 हजार है। यह गांव मुस्लिम बाहुल्य है। वैक्सीनेशन के शुरूआती दौर में कुछ भ्रांतियों और डर के चलते ग्रामीण टीकाकरण से डर रहे थे। लेकिन स्वास्थ्य विभाग और ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया गया। गांव में तीन कैंप भी लगवाए गए। गांव में अब तक 168 लोगों ने टीका लगवाया है।
-क्या कहते हैं ग्रामीण
सबसे पहले खुद लगवाया टीका
गांव में कैंप लगने पर सबसे पहले स्वयं को टीका लगवाया। गांव के लोग बीमार होने के डर से टीकाकरण नहीं करा रहे थे, जिन्हें समझाकर उनके मन का डर दूर किया।-गुलबहार, ग्राम प्रधान
अब सुरक्षित महसूस कर रहे
पहले अफवाहों के चलते टीका लगवाने से डर लगा रहा था। लेकिन प्रबुद्ध लोगों ने इसके फायदे बताए। कैंप में टीका लगवाकर सुरक्षित महसूस कर रहा हूं। -अमीर अहमद, ग्रामीण
संक्रमण से बचाएगा टीका
वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रहीं भ्रांतियों में न फंसे। कोई भी वैक्सीन लगने पर बुखार आना आम बात है। जिसके लिए दवाएं मौजूद हैं। उन्होंने भी टीका लगवाया है। -मोहम्मद युसुफ,ग्रामीण
लोगों को कर रहे जागरूक
ग्रामीण क्षेत्रों में अफवाहों के चलते लोग डर रहे हैं। टीका लगवाने के बाद लोगों को इसके लिए जागरूक किया। कोरोना को हराना है, तो वैक्सीन जरूरी है। - हाजी शादाब, समाजसेवी
टीकाकरण में आ रही तेजी
वैठ में लोग टीकाकरण से डरे हुए थे। ग्राम प्रधान समेत प्रबुद्ध लोगों को साथ लेकर ग्रामीणों को समझाया गया। गांव में तीन बार कैंप लगाकर 168 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। एक बार फिर कैंप लगाकर टीकाकरण कराया जाएगा। - डॉ. आनंदमणि, सीएचसी अधीक्षक, सिखैड़ा