रतुपुरा में चुनावी रंजिश में मारपीट और फायरिंग
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव रतुपुरा में ग्राम प्रधान चुनाव की रंजिश में दो गुटों में विवाद हो गया। जिसके बाद पथराव और फायरिंग होने से गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आठ लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गावं रतुपुरा में प्रधान पद के चुनाव पर हार-जीत के बाद नवनिर्वाचित प्रधान नौशेर और पूर्व प्रधान परवेज के समर्थकों के बीच रविवार को कहासुनी होने के बाद विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान दोनों गुटों के लोगों ने घरों की छतों से पथराव शुरू कर दिया। वहीं एक पक्ष की तरफ से फायरिंग भी की गई। गनीमत रही गोली किसी को नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फायरिंग और पथराव से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। पथराव और फायरिंग की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया। एसओ राहुल चौधरी भारी पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हंगामा कर रहे आठ लोगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकि फरार हो गए।
एसओ राहुल चौधरी ने बताया कि मौके से आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले में समर्थकों के साथ प्रधान और पूर्व प्रधान की भूमिका की भी जांच की जा रही है।