सड़क दुर्घटना में महिला समेत चार घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जनपद मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र निवासी महेंद्री शुक्रवार की सुबह अपने भतीजे राकेश के साथ बाइक पर गढ़ क्षेत्र के गांव पावटी में एक रिश्तेदारी में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने जा रही थी। गढ़-मेरठ रोड पर गांव नानपुर के निकट सड़क में हो रहे गहरे गड्ढे में पहिया गिरने से बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे महेंद्री और राकेश घायल हो गए। वहीं नेशनल हाईवे पर सिंभावली क्षेत्र में गांव हशुपुर मोड़ पर अज्ञात वाहन की साइड लगने से बाइक सवार निमेष निवासी कविनगर गाजियाबाद घायल हो गया। गढ़-स्याना रोड पर गांव भैना के निकट हुए हादसे में स्याना निवासी आबिद भी घायल हो गया। जो बाइक से गढ़ नगर में अपने एक मित्र से मिलने के लिए उसके घर जा रहा था। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।