वैठ में मतदाताओं को बांटने के लिए रखा आटा बरामद, दो पर मुकदमा
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने गांव वैठ में दबिश देकर मतदाताओं को बांटने के लिए रखा 2100 किलो आटा बरामद किया है। पुलिस ने ग्राम पंचायत सदस्य एवं बीडीसी प्रत्याशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं कोतवाली पुलिस ने भी नानपुर में बिना अनुमति प्रचार करने पर प्रधान पद के प्रत्याशी समेत 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
सिंभावली थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष लाखन सिंह ने बताया कि सोमवार की देर रात करीब 11 बजे मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के गांव वैठ में पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिसकर्मियों को कुछ लोग अपने हाथों में आटे के पैकेट लेकर जाते दिखाई दिए। इसके बाद मुखबिर के बताए अनुसार ग्यासुद्दीन के मकान पर छापा मारा। पुलिस को देखकर मकान के अंदर मौजूद दो भागने लगे। पुलिस द्वारा दोनों का पीछा किया गया, लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके। मकान की तलाशी लेने पर एक कमरे से 10-10 किलो के 210 पैकेट आटे के मिले। इसके बाद मकान में मौजूद एक महिला से पूछताछ की गई। बताया कि उसका पति ग्यासुद्दीन ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर चुनाव लड़ रहा है, वहीं ग्यासुद्दीन का साथी रिफाकत बीडीसी पद पर प्रत्याशी है। उक्त आटा दोनों ने मतदाताओं को बांटने के लिए रखा हुआ है। पुलिस ने आटे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं गढ़ कोतवाली प्रभारी शीलेश कुमार ने बताया कि सोमवार की रात गांव नानपुर में प्रत्याशी रविंद्र व सोनू अपने साथ दस व्यक्तियों को लेकर बिना अनुमति रात्रि कर्फ्यू के दौरान चुनाव प्रचार कर रहे थे। उक्त सभी लोगों ने न तो मास्क लगाए हुए थे और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को नामजद कर 12 व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।