ट्यूशन पढ़ने गया कक्षा दस का छात्र लापता
गढ़मुक्तेश्वर। घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए गया कक्षा दस का छात्र संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
गढ़ नगर के मोहल्ला उपाध्याय नगर की बाग कॉलोनी निवासी दुष्यंत कौशिक ने बताया कि उसका पुत्र अजय कौशिक उम्र 15 वर्ष नगर के एक स्कूल में कक्षा दस का छात्र है। जो मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे ट्यूशन पढ़ने के लिए गया था। लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने सभी जगह तलाश किया, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शीलेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी गई है। जिसे जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। संवाद