लिफ्ट देकर बदमाशों ने युवक से की लूटपाट
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ कोतवाली क्षेत्र में लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से नकदी समेत अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल करते हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जनपद मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के श्रद्धापुरी फेस-2 निवासी परमजीत ने गढ़ कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि वह 12 अप्रैल को शाहजहांपुर से मेरठ अपने घर जाने के लिए चला था। पीड़ित ने बताया कि बरेली से उसेे दिल्ली जाने वाली बस मिली। जिससे वह गढ़ क्षेत्र में स्याना चौराहे पर उतर गया और मेरठ जाने के लिए बस का इंतजार करने लगा। परमजीत का कहना है कि कुछ देर बाद सफेद रंग की एक कार वहां पहुंची, जिसके चालक ने मेरठ जाने के लिए पूछा। देर होने के चलते वह कार में बैठ गया। कार में पहले से ही पांच लोग मौजूद थे।
चालक ने स्याना रोड पर रेलवे फाटक बंद होने का हवाला देते हुए हाईवे की तरफ से चलने की बात कही, जिसके बाद वह हापुड़ की तरफ चलने लगा। पीड़ित ने बताया कि थोड़ी दूर चलने के बाद कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 14 हजार रुपये की नकदी, सोने की अंगूठी, पर्स, तीन क्रेडिट कार्ड, दो एटीएम समेत मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने मोबाइल से दोनों सिम निकालकर वापस लौटा दिए। इसके बाद उन्होंने हाथ बांधने के साथ ही मुंह पर पट्टी बांध दी। इसके बाद बदमाश उसे बदरखा पुल के पास छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर वह थाने पहुंचा। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शीलेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद