ब्रजघाट में कार ने युवक को कुचला
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर ब्रजघाट में तेज रफ्तार कार ने एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
संभल जिले के हजरत गंज निवासी नाजिम (38) मंगलवार की दोपहर को बाइक से दिल्ली जा रहा था। जैसे ही वह ब्रजघाट गंगानगरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पहुंचा तो शौच करने के लिए वह बाइक को हाईवे किनारे खड़ा कर खेत में चल गया। वहां से वापस आने के दौरान मुरादाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ब्रजघाट पुलिस चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं कार और बाइक को भी कब्जे में लेकर चौकी पहुंचा दिया है। आरोपी की तलाश जारी है।